ट्राले का साइड शीशा तोड़ उड़ाईं बैटरियां
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा के बरोटीवाला में एक ट्राले के साइड शीशे को तोड़कर शातिरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शातिर ट्रक से बैटरियां, जैक और लोहे की रॉड लेकर फरार हो गए। ट्रक चालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को सौंपी शिकायत में पांवटा के डांडा पागर निवासी ट्रक चालक नरेश कुमार पुत्र रति राम ने बताया कि रात के समय ट्राला बरोटीवाला में खड़ा किया गया था। सुबह आकर देखा तो शीशा टूटा पाया। इसके बाद ट्रक के भीतर कई चीजें गायब मिलीं। ट्रक से शातिर बैटरियां, जैक और लोहे की रॉड लेकर फरार हो गए। इसकी शिकायत पांवटा साहिब पुलिस थाना में दर्ज करवाई है। नरेश ने बताया कि ट्राला नंबर एचपी17ई-7751 में बतौर चालक कार्यरत है। विगत पांच दिसंबर को बरोटीवाला में शातिरों ने ट्राले का साइड का शीशा तोड़ दिया और कई चीजें चोरी कर लीं। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। शिकायत मिलने पर पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।