योगेंद्र अग्रवाल
ददाहू (सिरमौर)। जिला पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी ने शनिवार देर शाम को रेणुका थाने का औचक निरीक्षण किया। यकायक उन्हें अपने सामने देखकर पुलिस कर्मियों की सिट्टी पिट्टी गुम हो गई। कुछ पलों के लिए थाने में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
औचक निरीक्षण पर पहुंचे एसपी ने सबसे पहले थाने की प्रगति रिपोर्ट देखी। धीमी प्रगति रिपोर्ट देखकर एसपी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को जमकर लताड़ लगाई।
एसपी ने बारी-बारी से एक-एक पुलिस कर्मी को तलब किया। उनके कार्य की समीक्षा की। चालान की दर कम होने पर मुख्य आरक्षियों से जवाब तलब किया। उन्होंने कम चालान दर को लेकर गहरी नाराजगी जाहिर की। एसपी ने कहा कि रेणुका थाना में पर्याप्त स्टाफ है। बावजूद इसके यहां की प्रगति नाम मात्र की है।
उन्होंने कहा कि जिला के दो ही थाने रेणुका व संगड़ाह ऐसे हैं जहां की प्रगति धीमी है। जबकि अन्य सभी थानों से बेहतर परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि रेणुका में पर्यटकों व श्रद्धालुओं की भारी आमद है। बावजूद इसके यहां चालान दर न के बराबर है।
एसपी रोहित मालपानी ने वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को चालान प्रक्रिया को अविलंब बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कि वाहन चालकों की जांच अल्हो सेंस से की जाए। अपराधियों एवं चोरी की घटनाओं से निपटने के लिए रात्रि की गश्त बढ़ाई जाए।
सनद रहे कि शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने एक दिवसीय दौरे पर सिरमौर में थे। उनके साथ जिला का सारा प्रशासनिक अमला भी साथ था। दोपहर बाद जब मुख्यमंत्री माइना बाग से हेलीकाप्टर में बैठकर रवाना हुए तो उसी दौरान एसपी रोहित मालपानी नाहन न आकर सीधे रेणुका थाने चले गए। उन्होंने कार्यों में सुधार लाने व प्रगति में तेजी जाने के निर्देश दिए।