नाहन (सिरमौर)। नाहन पुलिस ने बोहलियों में एक व्यक्ति के घर व खेत से अवैध ढंग से रखा 280 लीटर डीजल बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ नाहन पुलिस थाना में मामला दर्ज कर लिया है। उल्लेखनीय है कि बीते बुधवार को आरोपी से पुलिस ने 71 किलोग्राम चुरापोस्त भी बरामद किया था। इस मामले में पुलिस ने नशे का कारोबार करने के आरोप में बाप-बेटे को गिरफ्तार किया था।
इसी दौरान पुलिस ने अवैध ढंग से रखा डीजल भी बरामद किया था लेकिन इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की थी। वीरवार को पुलिस ने आरोपी रामगोपाल निवासी बोहलियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। उधर, एएसपी विनोद धीमान ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने आरोपी रामगोपाल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई अमल में लाई। पड़ताल के दौरान रामगोपाल के घर व खेत से अवैध रूप से रखा डीजल बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।