अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस ने नशीली दवाइयों की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। सुरक्षा शाखा की टीम ने नशीली दवाइयों की खेप के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। सुरक्षा शाखा ने आरोपी को पांवटा पुलिस के हवाले कर दिया है। जबकि उससे बरामद हुई दवाइयां भी सीज कर पुलिस को सौंपी गई।
सिरमौर में नशे की तस्करी के मामलों में इजाफा हो रहा है लेकिन पुलिस की पैनी नजर से यह बच नहीं पा रहे। आए दिन नशीली दवाइयों के साथ युवा पकड़े जा रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में सुरक्षा शाखा की टीम ने बद्रीपुर में नाका लगाकर एक युवक को 435 कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरक्षा शाखा के मुख्य आरक्षी जगमोहन सिंह, एचएचसी दीप सिंह व आरक्षी नवीन कुमार की टीम ने बद्रीपुर के समीप नाका लगाया था। इस दौरान पांवटा के तरूवाला मार्ग पर आदर्श कॉलोनी निवासी जितेंद्र (33) पुत्र रामस्वरूप वार्ड-4 को नाके में तलाशी के लिए रुकवाया। तलाशी के दौरान आरोपी से 435 कैप्सूल बरामद किए गए लेकिन वह इनके किसी भी तरह के दस्तावेज नहीं दिखा पाया।
पुलिस के अनुसार नशे के मकसद से आरोपी कैप्सूल की यह खेप लेकर जा रहा था जिसे दबोच लिया गया। मामला पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस टीम जांच में जुट गई है। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी जितेंद्र को अवैध नशीली दवा समेत गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।