पांवटा साहिब (सिरमौर)।
मिश्रवाला में 23वां सालाना तब्लीगी इज्तमा जोड़ कार्यक्रम शुरू हो गया है। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से मुस्लिम समुदाय के 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। शनिवार को दावत खुदा की बंदगी से कार्यक्रम का आगाज हुआ। 26 मार्च को कार्यक्रम का समापन होगा। आयोजन को लेकर शुरुआती विवाद के बाद मिश्रवाला में पुलिस बल का कड़ा पहरा रहेगा। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हुआ है।
मिश्रवाला मरकज कमेटी प्रधान अकबर अली, पंचायत प्रधान मिश्रवाला शुकरदीन, बीडीसी सदस्य फरीज खान, शेर मोहम्मद, कादिर अली, नजाकत अली, मंजूर अली, नसीम खान, गुलफाम, इस्लाम मोहम्मद, वार्ड सदस्य अख्तर अली ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य अमन, नशाखोरी से मुक्ति, युवा पीढ़ी के सद्मार्ग पर चलने और बुराइयों का खात्मा करना है। शनिवार को जोड़ कार्यक्रम अच्छाई कैसे आए और बुराइयों का खात्मा हो..पर आधारित प्रवचन दिए गए।
शाम को दावत खुदा की बंदगी का आयोजन हुआ। शनिवार को एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा, डीएसपी प्रमोद चौहान और एसएचओ माजरा सेवा सिंह टीम सहित मिश्रवाला पहुंचे। कार्यक्रम के आयोजन स्थल पर कमेटी सदस्यों से बातचीत की। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। डीएसपी प्रमोद चौहान ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस को तैनात किय गया है।
व्यवस्था का लिया जाएजा : एलआर वर्मा
पांवटा (सिरमौर)। मरकज कमेटी मिश्रवाला मस्जिद अध्यक्ष अकबर अली और बीडीसी सदस्य फरीज खान ने कहा कि शनिवार कार्यक्रम में करीब 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इनके लिए दर्जनों पेयजल नलके, पार्किंग स्थल और करीब 100 अस्थाई टॉयलेट्स बनाए गए हैं। लोगों के ठहरने की व्यवस्था पंडाल और आसपास की मस्जिदों में की गई है। एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा ने कहा की मिश्रवाला में जोड़ वार्षिक धार्मिक कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया।