अमर उजाला ब्यूरो
हरिपुरधार (सिरमौर)। जिला में आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं से लोग सबक नहीं रहे हैं। आज भी लोग जान जोखिम में डालकर यात्रा कर रहे हैं। हालांकि सरकार की ओर से बसों में ओवर लोडिंग की सख्त मनाही है। फिर भी कई बस मालिक नियमों और कानून को ताक पर रख कर ओवरलोडिंग बस का परिचालन कर रहे हैं। यात्री बस की छत पर जान जोखिम में डालकर यात्रा कर रहे हैं।
ऐसी ही लापरवाही सिरमौर के हरिपुरधार में शनिवार को देखने को मिली। जहां जान जोखिम पर डालकर यात्री निजी बस की छत पर सफर कर रहे थे। हैरत की बात यह है कि इस दौरान पुलिस कर्मी भी वहां मौजूद थे। बावजूद इसके इस ओवरलोडिंग को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर खुद हरिपुरधार में थे। बावजूद इसके बसों में लोग भेड़-बकरियों की तरह ठूंसे गए थे।
--------