पांवटा साहिब (सिरमौर)।
देहरादून-पांवटा-कालाअंब एनएच-7 पर सूरजपुर के समीप रविवार रात बाइक सवार ने राहगीर को टक्कर मार दी जिससे 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार स्वयं गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात को शिमला-कोटखाई की एक बस सूरजपुर के समीप रुकी। यात्री होटल में चाय पीने को निकले। इस बीच शिमला जिला के कोटखाई तहसील के ग्राम बलीच निवासी कृष्ण चंद (65) पुत्र हेतराम शौच के लिए निकले। सड़क क्रास करते वक्त वह तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक चालक भाटांवाली निवासी सुरेश कुमार (46) पुत्र जस्सी राम भी गंभीर रुप से घायल हो गया है।
विज्ञापन
सिविल अस्पताल में एसएमओ डॉ. कमाल पाशा ने बुजुर्ग किशन चंद को मृत घोषित किया। चिकित्सक ने कहा कि हादसे में घायल सुरेश कुमार के सिर पर गंभीर चोट है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रेफर किया गया है।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम आईओ नूप राम के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि एनएच-7 पर सड़क हादसा हुआ है जिसमें बुजुर्ग कृष्ण चंद (65) पुत्र हेतराम निवासी कोटखाई शिमला की मौत हो गई है। हादसे में बाइक चालक गंभीर रुप से घायल है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।