अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में सिरमौर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर सरेआम दड़ा सट्टा लगाने वाले दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने इन मामलों में 4620 रुपये के करंसी नोट भी बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार त्रिलोकपुर स्थित शिव कॉलोनी के समीप एक व्यक्ति जोर से आवाजें लगाकर लोगों को दड़ा सट्टा लगाने के लिए उकसा रहा था। इस दौरान गश्त पर तैनात एएसआई हेमराज, मुख्य आरक्षी ओमपाल, लव कुमार, अनिल तोमर, संजय, हरवीर और अरुण की टीम दड़ा सट्टा की आवाजें सुनकर मौके पर पहुंची। छानबीन के दौरान पुलिस ने आरोपी से दड़े सट्टे की पर्चियों के साथ 3060 रुपये के करंसी नोट बरामद किए। इस मामले में पुलिस ने नारायणगढ़ के कालाअंब निवासी अमित सिंह के खिलाफ पुलिस थाना में मामला दर्ज किया है। दूसरे मामले में भी पुलिस ने आरोपी से 1560 रुपये के करंसी नोट बरामद किए हैं। गश्त पर तैनात मुख्य आरक्षी मोहम्मद खालिद, सुखदेव व रूपेंद्र सिंह ने त्रिलोकपुर सड़क के किनारे एक व्यक्ति को 10 के बदले 20, 80 और 200 रुपये बनाने के लिए आवाजें दे रहा था। इस मामले में पुलिस ने बिरला के ठंडोली निवासी विनय कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस थाना कालाअंब में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने की है। उन्होंने बताया कि दोनों मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।