अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। उपमंडल पांवटा साहिब में लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शातिरों की चाल में फंसे तीन लोगों की गाढ़ी कमाई पर गिरोह ने पानी फेर दिया। पीड़ितों ने इस मामले की पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है। पांवटा निवासी सुरजीत सिंह, बचन सिंह और खेेम सिंह ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि चंडीगढ़ क्षेत्र से पहुंचे शातिर गिरोह के सदस्यों ने उन्हें ठगी का शिकार बनाया है। शिकायत में कहा गया है कि योजना का प्रारूप और मोटे मुनाफे का झांसा देने की बात कहकर शातिरों ने उनके साथ बैठकें भी कीं। बताया गया कि केवल 500 डॉलर की एक आईडी है। जितनी आईडी बनाओगे, उसी हिसाब से मुनाफा भी दिया जाएगा। इसके बाद शातिरों ने फेक आईडी से संदेश भेजना शुरू कर दिए। इसमें बताया गया कि आईडी बन गई, आपको इतना मुनाफा हो रहा है। यही नहीं, खुद ही शातिरों ने सोना, सोने की चेन और राशि जीतने जैसे संदेश भेजना शुरू किए। इसके लिए कुल जमा राशि पर 1.25 से लेकर 2 फीसदी तक प्रतिदिन जमा करवाने को कहा गया। लिहाजा, पांवटा निवासी वचन सिंह ने 1.75 लाख, सुरजीत सिंह ने 2.24 लाख व खेम सिंह ने 50 हजार राशि स्कीम में लगाई। पैसा लगाने के शुरुआती दौर में सभी की आईडी फायदे में बताई गई। यही नहीं, लाभांश की राशि को भी आईडी में पैसा दोगुना दिखाने से लिए वापस लगाया गया। शातिरों ने चेक के बदले कैश में ही प्रस्ताव रखा। पैसा लगाने के बाद जब आईडी संबंधी मैसेज मिलने बंद हुए और शातिरों ने फोन रिसीव करने बंद कर दिए तो लोगों को ठगे जाने का आभास हुआ। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि यह गिरोह नाहन के एक व्यक्ति को भी लाखों का चूना लगा चुका है। शिकायतकर्ताओं ने शातिरों से बातचीत की रिकॉडिंग भी रखी है, जो जांच टीम को सौंपी जाएगी। ठगी के बाद शिकायतकर्ताओं ने डीजीपी, एडीजीपी, साइबर क्राइम सेल, एसपी सिरमौर और डीएसपी पांवटा को लिखित शिकायत कर दी है। उधर, डीएसपी प्रमोद चौहान ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पांवटा निवासी वचन सिंह, सुरजीत और खेम सिंह की शिकायत मिलने पर पांवटा थाना पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।