अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। ग्राम पंचायत बद्रीपुर में शनिवार शाम एक युवक ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी है। उसने अपने कमरे में ही जान दे दी। मौके से किसी भी प्रकार का सूसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में आत्महत्या की वजह का पता नहीं लग पाया है। पुलिस के अनुसार घरेलू कारणों से वह काफी दिनों से परेशान चल रहा था। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
ग्राम पंचायत बद्रीपुर के गुज्जर कॉलोनी निवासी जगदीप कुमार(35) पुत्र हरी चंद ने शनिवार को फंदा लगा लिया। बताया जा रहा है कि जगदीप घरेलू कारण से परेशान रहता था। शाम को वह दूध लेकर घर पहुंचा। इसके बाद सीधे अपने कमरे में चला गया। काफी देर के बाद जब उसका भजीता कमरे में पहुंचा तो उसे फंदे से लटका हुआ पाया। इसके बाद परिजनों ने तुरंत उतार लिया।
108 एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया। अस्पताल में वरिष्ठ डॉ. अमिताभ जैन ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक बद्रीपुर में ही एक दुकान चलाता था। वह अपने पीछे परिवार में पत्नी, एक बेटा व एक बेटी को छोड़ गया है। सूचना मिलने पर एएसआई भरत सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। मृतक के कमरे से कोई सूसाइड नोट नहीं मिला है। जांच टीम आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के प्रयास में जुटी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि कुछ घरेलू कारण से कुछ समय से परेशान सा रहने लगा था।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस जांच टीम मौके पर भेज दी गई है। मौके से कोई सूसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
--बद्रीपुर में युवक ने फंदा लगाकर दी जान
--कमरे में नहीं मिला कोई सूसाइड नोट, पुलिस छानबीन में जुटी
--घरेलू कारणों से काफी दिनों से परेशान चल रहा था युवक