पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा उपमंडल क्षेत्र के खारा के जंगल में पुलिस ने कच्ची शराब के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पांवटा साहिब और माजरा पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी करते हुए जंगल में चल रही शराब की भट्ठी को नष्ट किया। मौके पर 14 ड्रमों में 2600 लीटर लाहन भी बरामद हुई। पुलिस टीम ने लाहण भी मौके पर ही नष्ट कर दी। पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर गहनता से जांच शुरू कर दी है।
पांवटा के पुलिस अधिकारियों को गुप्त सूचना मिल थी कि खारा के जंगल में फिर से बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने का कार्य शुरू हो गया है। इसके बाद पांवटा पुलिस थाने के एएसआई बालाराम ठाकुर की अगुवाई में एक टीम गठित की गई। टीम में मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह, बलजीत सिंह, आरक्षी चत्तर सिंह, कुलदीप सिंह, संजय, जगमोहन, कपिल, अंकुश, होमगार्ड से प्रीतम सिंह व बाबूराम शामिल किए गए। रविवार सुबह टीम ने खारा के जंगल में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान जंगल में चलती हुई एक भट्टी में कच्ची शराब भी बरामद हुई। करीब 14 ड्रमों में करीब 2600 लीटर लाहण मिली। पुलिस टीम ने इसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। लेकिन, पुलिस की छापेमारी की भनक शराब माफिया को पहले ही लग चुकी थी। इसके चलते माफिया मौके से पहले ही फरार हो गए। पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने बताया कि पुलिस टीम ने खारा के जंगल में छापेमारी की है। इस दौरान अवैध कच्ची शराब की भट्टी नष्ट कर दी। काफी मात्रा में लाहन भी नष्ट की गई है। मामला दर्ज कर लिया गया है।