कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के साथ लगते नारायणगढ़ (हरियाणा) की एक युवती ने नारायणगढ़ के ही एक शादीशुदा व्यक्ति पर दुराचार के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने आरोपी की पत्नी और चचेरे भाई पर भी इस पूरे प्रकरण में षड्यंत्र रचने और उसका साथ देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि युवती के साथ नाहन और कालाअंब के होटलों में दुराचार की वारदात को अंजाम दिया गया। इससे वह दो बार गर्भवती भी हुई। नारायणगढ़ थाना में मामले की शिकायत सौंपी गई थी, जिसके बाद सिरमौर के कालाअंब थाना को मामला भेजा गया है। कालाअंब पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पीड़िता ने अपनी शिकायत महिला थाना पंचकूला (हरियाणा) में दर्ज कराई थी। नारायणगढ़ पुलिस ने भादंसं की धारा 376, 313, 506, 509 और 120बी के तहत मामला दर्ज किया है। चूंकि यह तमाम वारदात कालाअंब थाना के क्षेत्र में हुई है। लिहाजा, मामला कालाअंब पुलिस को ट्रांसफर किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने कहा है कि मनीष कुमार निवासी गांव रतौर तहसील नारायणगढ़ जिला अंबाला ने शादी करने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद जबरन उससे गर्भपात भी करवाए गए। अब आरोपी उसके माता-पिता को भी झूठे मुकद्दमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दे रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए कालाअंब थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि हरियाणा पुलिस के महिला थाना से शारीरिक शोषण का मामला आया है। इसमें विभिन्न धाराएं लगी हैं। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।