राजगढ़ (सिरमौर)। उपमंडल राजगढ़ के अंतर्गत सवाना बीट के रुग बखोटा जंगल में देवदार के दो पेड़ों पर कुल्हाड़ी चली है। हरे-भरे पेड़ों को धराशायी कर माफिया फरार हो गया। जबकि देवदार की लकड़ी मौके से गायब है। वन विभाग की टीम को जंगल में दो पेड़ों के कटे हुए ठूंठ ही बरामद हुए। वन विभाग ने पुलिस थाना में इसकी शिकायत दर्ज करवा दी है। वन खंड अधिकारी श्याम दत्त ने पुलिस में शिकायत की है कि सात फरवरी की रात को सवाना बीट के रुग बखोटा जंगल से अज्ञात लोगों ने दो देवदार के हरे पेड़ काट लिए और उसकी लकड़ी भी चुराकर ले गए। इसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। डीएसपी मीनाक्षी भारद्वाज ने बताया कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 379 व वन अधिनियम की धारा 26 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।