अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। माजरा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत चोरी का मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार एक परिवार घर से कहीं बाहर गया था। वापस पहुंचने पर घर के ताले और दरवाजे की जालियां टूटी हुई मिलीं। बाद जांच की तो पाया कि घर से नकदी, ज्वेलरी और मोबाइल पर शातिर चोरों ने हाथ साफ कर लिया था। माजरा पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक चोरों का सुराग नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत माजरा निवासी अनिल कुमार पुत्र स्व. बाबू राम ने माजरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह परिवार सहित किसी कार्य से बाहर गए थे। सोमवार को वह वापस लौटे तो घर के ताले और दरवाजे की जालियां टूटी हुई पाई गईं। कोई शातिर घर के दरवाजे की जाली तोड़ कर घर में दाखिल हुए हैं। शातिरों ने घर और अलमारी के ताले तोड़ कर घर में रखी
45 हजार नकदी, सोने की चेन, अंगुठियां और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। घर का सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था। परिजनों ने घर पहुंचने पर चोरी की शिकायत माजरा थाना में कर दी है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ माजरा सेवा सिंह ने मामले की पुष्टि की है। माजरा क्षेत्र में चोरी वारदात की शिकायत मिलने पर पुलिस जांच टीम तफ्तीश में जुट गई है।