पांवटा साहिब (सिरमौर)।
उपमंडल पांवटा साहिब के माजरा और धौलाकुआं में दो अलग-अलग मामलों में खैर व साल की बेशकीमती लकड़ी बरामद हुई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक मामले में पुलिस ने डैमेज रिपोर्ट बनाकर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार डीएफओ पांवटा की टीम ने पांवटा-नाहन मार्ग पर धौलाकुआं के समीप नाका लगाया था। गुप्त सूचना मिलने पर वन्य टीम वाहनों पर नजर रख रही थी। इस बीच एक पिकअप मौके पर पहुंची, जिसे जांच की लिए रोका गया। वन विभाग की टीम ने पिकअप से साल लकड़ी के सात नग बरामद किए। चालक कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। विभाग ने लकड़ी समेत वाहन कब्जे में ले लिया।
वहीं, दूसरे मामले में माजरा पुलिस ने अवैध खैर की लकड़ी से भरा एक ट्रक पकड़ा है। पुलिस टीम ने नाका लगाया था। इस दौरान एक ट्रक को तलाशी के लिए रुकवाया। ट्रक में तिरपाल लगाकर खैर की लकड़ी को छिपाकर ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान ट्रक चालक लकड़ी का कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। एसएचओ माजरा सेवा सिंह ने बताया कि दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
उधर, डीएफओ पांवटा कुनाल अंग्रीश ने दोनों ही मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नाहन पांवटा सीमा पर धौलाकुआं के समीप वन्य विभाग की टीम ने नाका लगाया था। इस दौरान एक पिकअप से अवैध साल की लकड़ी के सात नग बरामद हुए हैं। इस मामले में डेमेज रिपोर्ट काट दी गई है। पुलिस थाना में भी इसकी शिकायत दर्ज करवा दी गई है। उन्होंने बताया कि माजरा पुलिस ने अवैध खैर की लकड़ी से भरा ट्रक पकड़ा है। इसमें दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया गया है।