कालाअंब (सिरमौर)। चंडीगढ़-देहरादून वाया कालाअंब नेशनल हाईवे-07 पर आंबवाला के समीप हुए सड़क हादसे में घायल एक युवक की मौत हो गई। जबकि, दूसरा मेडिकल कॉलेज नाहन में उपचाराधीन है। नाहन के साथ सटे आंबवाला क्षेत्र में बुधवार शाम एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे के बाद दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज नाहन लाया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय मोहम्मद इमरान को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। लेकिन, रास्ते में ही घायल ने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल दूसरे युवक आमिर का उपचार डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उधर, कालाअंब पुलिस थाना के प्रभारी जितेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।