आमलेट बनाने से इंकार किया तो पीट डाला ढाबा कर्मी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा क्षेत्र में संचालित एक ढाबा कर्मी के साथ दो लोगों ने मारपीट कर दी। यह वाकया उस समय पेश आया जब ढाबा में आए दो लोगों ने आमलेट की मांग की। इस दौरान ढाबा में कार्यरत कर्मचारी ने आमलेट बनाने में असमर्थता जताई तो ग्राहकों ने उसे डंडों से बुरी तरह से पीट डाला। इससे उसकी टांगों और बाजुओं में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव तोता डांडा निवासी पवन (45) पुत्र नेपाल ने शिकायत दर्ज करवाई कि देर रात करीब साढ़े 11 बजे काम निपटा कर वह ढाबा बंद करने की तैयारी में था। इस बीच दो व्यक्ति वहां पहुंचे। कपिल आनंद के ढाबे में कार्यरत पवन ने दोनों को कहा कि ढाबा बंद हो चुका है। इस बीच दोनों आमलेट बनाने की जिद करने लगे। इसी बीच दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। दोनों आरोपी डंडे से ढाबे के कर्मचारी पर टूट पड़े। मारपीट होने पर कपिल आनंद और संदीप ने
मौके पर पहुंच कर किसी तरह अपने कर्मी को उनके चंगुल से छुड़ाया। ढाबा कर्मी पवन को मारपीट से दोनों बाजुओं, टांगों और शरीर पर चोटें आई हैं। इसके बाद पुलिस थाना में दोनों मारपीट के आरोपियों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज करवा दी गई है। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।