कार से 180 बोतलें अवैध शराब बरामद
राजगढ़ (सिरमौर)। स्थानीय पुलिस ने मंगलवार रात को अवैध रूप से ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की 15 पेटियां पकड़ने में सफलता हासिल की। डीएसपी दुष्यंत सरपाल ने बताया कि एएसआई यशपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल ने यशवंतनगर के समीप नाका लगा रखा था। इस दौरान सोलन से सनौरा की तरफ जा रही एक कार की तलाशी लेने पर हरियाणा ब्रांड की 15 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुईं। कार को सोलन निवासी अजय मेहता चला रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज करके उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस दल में मुख्य आरक्षी राकेश और कमलजीत तथा गृह रक्षक जयपाल, प्रेमपाल व संजीव शामिल रहे।