पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा के विभिन्न क्षेत्रों में ट्यूबवेलों से चोरी की वारदातों की शिकायत मिलने पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई थ्री फेस वायर भी बरामद कर ली गई है। आरोपियों से पुलिस पूछताछ में जुटी है। पांवटा के देवीनगर निवासी हरदेव सिंह पुत्र चानन सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी। इसमें कहा था कि विगत 18 जुलाई को भुगरंनी, पटटी नत्था सिंह और रामपुरघाट क्षेत्रों के किसानों के ट्यूबवेल से चोरों ने थ्री फेस लाइनें, स्टार्टर और कमरों में रखा सामान भी चोरी कर लिया था। चोरियों की बढ़ती वारदातों से तंग आ चुके ग्रामीणों ने अपने स्तर पर भी नजर रखनी शुरू की। चोरी की वारदात में स्थानीय लोगों ने दो अगस्त को दो संदिग्ध लोगों को पकड़ा। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। आरोपियों ने अपने नाम सोनू उर्फ खुश नसीब निवासी कुंजा मतरालियों और सोनू वाल्मीकि बस्ती पांवटा बताया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई तारों को भी बरामद कर लिया गया। ट्यूबवेलों से चोरी की गई केबल और तारों को आरोपियों ने जलाकर तांबे की वायर निकाल ली थी। यह सभी तारें थ्री फेस लाइनों की थीं। जिन किसानों के ट्यूबवेलों से केबल चोरी हुई, उन्होंने भी चोरी किए वायर और सामान की पहचान कर ली है। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई केबल बरामद की है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।