दुकानदार से मारपीट पर केस दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। माजरा थाना में पड़दूनी निवासी दुकानदार ने मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। पांवटा के पड़दूनी निवासी नीरज कुमार पुत्र सुंदर लाल ने माजरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। इसमें कहा है कि मंगलवार को अपनी दुकान के बाहर में खड़ा था। इस बीच कहीं से बीरपाल पहुंचा, जो नशे की हालत में था। दुकान के बाहर खड़े लड़कों के साथ किसी बात को लेकर बहसबाजी करने लगा। बीच बचाव करते हुए नीरज ने लड़कों को कहा कि किसी शराबी के साथ क्यों उलझ रहे हो। इसके बाद बीरपाल ने हाथापाई शुरू कर दी तथा हाथ में उठाए टिफिन से प्रहार किया। इससे गाल तथा हाथ पर चोटें लगी है। माजरा पुलिस ने शिकायकर्ता का मेडिकल करवा लिया है। मामले की जांच की जा रही है। उधर, माजरा पुलिस थाना प्रभारी एमएस चौहान ने पुष्टि की है। पड़दूनी निवासी नीरज कुमार की शिकायत पर आरोपी बीरपाल के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कर जांच की जा रही है।