पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा थाना पुलिस ने नशेड़ियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पांवटा के प्रमुख चौक चौराहों के आसपास और अवैध रूप से होटलों और ढाबों पर नशा करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। रविवार को इसी क्रम में आठ नशेड़ियों को गिरफ्तार किया है। नशेड़ियों का जमघट शाम ढलते ही कन्या स्कूल संपर्क मार्ग, विश्वकर्मा चौक के समीप व यमुना घाट बैरियर के आसपास लग जाता था। शाम के समय नशे में धुत होकर सड़क किनारे गिरने और हुड़दंग मचाने की शिकायतें आ रही थीं। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों को दिक्कत होने लगी थी। रविवार शाम को पांवटा पुलिस ने इस पर कार्रवाई की। इस दौरान आठ नशेड़ियों को दबोच लिया गया। इनके खिलाफ धारा-114 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया। पांवटा पुलिस ने थाना लाकर उनका मेडिकल करवाया गया। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि आरोपियों को जुर्माना करने के साथ चेतावनी देकर छोड़ा गया है।