पांवटा में यमुना नदी में खनन करते ट्रैक्टर को सीज करते खनन विभाग के कर्मचारी व अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला खनन अधिकारी की टीम ने अवैध खनन के खिलाफ छापामारी की। इस दौरान नदी क्षेत्रों में अवैध खनन करते चार वाहन सीज कर दिए गए हैं। मौके पर मिले रेत-बजरी के दो स्टॉक को भी सीज कर दिया गया है। खनन विभाग की कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मच गया है। जिला खनन अधिकारी सुरेश भारद्वाज की टीम ने पांवटा के नदी क्षेत्रों में निरीक्षण किया। विभागीय टीम ने यमुना नदी पर नवादा तथा बातामंडी के आसपास के क्षेत्रों में छापामारी की है। इस दौरान एक ट्रक और तीन ट्रैक्टरों को अवैध खनन करते हुए पाया गया। नवादा में टीम ने छापामारी के दौरान अवैध रेत के दो स्टॉक को भी सीज कर दिया है। औचक निरीक्षण से अवैध खननकारियों में दिनभर हड़कंप मचा रहा। टीम को आते देखे कई ट्रक और ट्रैक्टर नदी के विस्तृत क्षेत्रों में चोर रास्तों से भाग खड़े हुए। जिला खनन अधिकारी सुरेश भारद्वाज ने कहा कि क्षेत्र में कई जगह छापामारी की गई है। एक ट्रक सहित तीन ट्रैक्टरों को अवैध खनन करते पकड़े जाने पर सीज कर दिया गया है। अवैध
खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।