संगड़ाह (सिरमौर)।
बोगधार इलाके में पीड़ियाधार के पास महिंद्रा टीयूवी एचपी 79-2077 के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह सड़क हादसा वीरवार रात करीब 12 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार गवाही निवासी संतराम (45) पुत्र सोभाराम नाहन से अपने घर गवाही जा रहा था। पीड़ियाधार के पास वह गाड़ी से संतुलन खो बैठा। इससे गाड़ी 150 मीटर खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार संतराम की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि संतराम सेना से कुछ समय पहले ही सेवानिवृत्त होकर घर आए थे। बुधवार को वह बच्चों के पास नाहन गए थे। वीरवार को घर वापस आते वक्त उनकी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां पहुुंचने से पहले ही संतराम दम तोड़ चुका था।
दुर्घटना के बाद उनके पैतृक गांव गवाही और पालर पार क्षेत्र में शोक लहर दौड़ गई है। सूत्रों से पता चला है कि संतराम की नियुक्ति हिप्र विद्युत बोर्ड में हो गई थी। एक दो दिन बाद उन्हें नौकरी ज्वाइन करनी थी। उन्हें क्या पता था कि वह फिर से अपने बीवी, बच्चों और परिवार से कभी नहीं मिल पाएंगे। एसएचओ संगड़ाह विरोचन नेगी ने बताया कि संगड़ाह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि सड़क हादसे की जांच की जा रही है। एसडीएम राकेश धीमान ने बताया कि प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार गौतम नेगी ने मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।