अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा के रामपुरघाट-आंबवाला में मंगलवार को हुई आग की घटना में एक दुकान समेत लगभग आधा दर्जन झुग्गियां जलकर राख हो गई। इससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया है। अग्निशमन केंद्र के कर्मचारियों व स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि घटना के दौरान बच्चे बाहर खेल रहे थे। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजस्व विभाग आग से हुई क्षति के आकलन में जुट गया है।
रामपुरघाट में यमुना नदी किनारे आंबवाला में प्रवासी मजदूरों की दर्जनों दर्जन झुग्गियां हैं। मंगलवार को सुबह करीब सवा आठ बजे झुुग्गियों में अचानक आग भड़क गई। प्रवासी मजदूरों ने इसकी सूचना नंबरदार महेंद्र सिंह को दी। नंबरदार ने अग्निशमन विभाग व पुलिस थाने को सूचित कर दिया।
प्रवासी तपेश्वर ने बताया कि वह सुबह मजदूरी करने निकले थे। आंबवाला में उसकी दुकान है। उसमें कल ही सामान भरा था। आगजनी से दुकान के भीतर रखी बाइक, फ्रिज समेत सारा परचून का सामान जल गया। इससे करीब 2 लाख से अधिक की क्षति हुई है। साथ लगते राजू की झोपड़ी में 8 हजार नकदी, टीवी, डिश, बैड, पंखा, जेवर, साइकिल, कपड़ा व राशन समेत 70 हजार की क्षति हुई। भोला राम की झोपड़ी जलने से 67 हजार से अधिक क्षति हुई है जिसमें 12 हजार नकदी, डबल बेड, साइकिल, खाने का राशन, कपड़े समेत सामान जल गया। संजय कुमार की डबल बेड, टीवी, बॉक्स, कपड़े, साइकिल, राशन जल गया। राजेश कुमार की 20 हजार की ज्वेलरी, टीवी, साइकिल समेत सामान राख हो गया। वहीं, शीला देवी की झोपड़ी में डबल बैड, टीवी, ट्रैक्टर के टायर समेत तमाम सामान जल कर स्वाह हो गया।
उधर, नायब तहसीलदार पांवटा निहाल चंद कश्यप ने कहा कि पटवारी को मौके पर भेज दिया गया है। रामपुरघाट-आंबवाली आगजनी की रिपोर्ट मिलने पर प्रभावित परिवारों को फौरी सहायता प्रदान की जाएगी।