अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)। उपमंडल राजगढ़ के अंतर्गत नरेटी भगोट पंचायत के सरवा गांव में खेत में टमाटर पैक कर रहे एक परिवार पर बान का पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल हो गई। घटना में परिवार के दो सदस्य बाल-बाल बच गए। घटना से इलाके में मातम का माहौल है।
जिले में इन दिनों टमाटर का सीजन जोरों पर है। शुक्रवार सुबह पझौतढ़ का परिवार अपनी टमाटर की फसल को पैक कर सब्जी मंडी में भेजने की तैयारी कर रहा था। खेत में बने टेंट के भीतर टमाटरों की पैकिंग के दौरान सड़क किनारे खेत में लगे टेंट पर एक पेड़ टूट कर गिर गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पझौता क्षेत्र की ग्राम पंचायत नरेटी भगोट के सरवा गांव का बाबूराम शुक्रवार प्रात: करीब 9:30 बजे अपने खेत में बने टेंट में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ टमाटर भर रहे थे। इस दौरान भारी बारिश के कारण खेत के साथ सड़क के ऊपर से एक बान का पेड़ टेंट पर गिर गया। इसके कारण बाबूराम (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी तमन्ना को पांव में हल्की चोटें आई। उसे उपचार के लिए राजगढ़ लाया गया। उसकी पत्नी और दूसरी बेटी बाल-बाल बच गई।
डीएसपी मीनाक्षी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि स्थानीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
----किसान परिवार पर गिरा पेड़, एक की मौत
परिवार की एक बच्ची घायल, दो बाल-बाल बचे
खेत में टेंट के भीतर टमाटर पैक कर रहा था परिवार