अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
देहरादून-पांवटा-कालाअंब एनएच-7 मार्ग पर भूपपुर में मोबाइल की दुकान से लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस मामले में पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। मोबाइल कंपनी के डाटा और दुकान मालिक की मदद से पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। चोरी हुए तीन मोबाइल चालू होने से पुलिस संदिग्धों तक पहुंची है।
गौरतलब है कि कुछ अरसे पहले भूपपुर में दुकान के शटर में लगे ताले तोड़ कर करीब 45 हजार नकदी, दर्जनों मोबाइलों, डाटा कार्ड व मोबाइल कवर समेत करीब ढाई लाख रुपये की चोरी हुई थी। इस मामले में चोरों तक पहुंचने में दुकान के संचालक व मोबाइल कंपनी का जांच टीम को सहयोग मिला। चोरी किए सभी एनरॉयड फोन सेट ट्रैकिंग पर लगा दिए थे। इनमें 3 मोबाइल सैट चल पड़े हैं। एक की लोकेशन सोलन जिला में आई है जिससे पुलिस की टीम को गिरोह को दबोचने में काफी मदद मिलेगी।
पूर्व नगर परिषद कमेटी अध्यक्ष ओंकार सिंह, पांवटा व्यापार मंडल अध्यक्ष अनिंद्र सिंह नौटी व गुरबख्श सिंह ने कहा कि मई माह में भूपपुर में जसप्रीत सिंह की मोबाइल की दुकान में चोरी हुई थी। छबील के लिए रखे करीब 45 हजार नकदी भी चोर उड़ा ले गए। जसप्रीत सिंह ने कहा कि मोबाइल कंपनी का सहयोग मिला। चोरी हुए सभी मोबाइल सैट ट्रैकिंग पर लगा दिए थे। इनमें से 3 मोबाइल सेट चल पड़े हैं। इसकी पूरी जानकारी थाना प्रभारी अशोक चौहान व मामले के आईओ को दे दी है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। इस मामले के सभी आरोपियों को शीघ्र दबोचा जाएगा।
-------------------