चेक बाउंस मामले में साक्ष्यों के अभाव में आरोपी बरी
नाहन। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने चेक बाउंस मामले में आरोपी को बरी कर दिया। अदालत ने पाया कि शिकायतकर्ता बैंक अपने दावे को कानूनी रूप से साबित करने में असफल रहा। यह मामला साल 2022 को यूको बैंक और प्रेम पाल सिंह के बीच था। बैंक ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने 32,500 रुपये का चेक जारी किया था, जो खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण बाउंस हो गया। बैंक का कहना था कि आरोपी ने लोन लिया था और समय पर भुगतान नहीं किया। बार-बार मांग के बाद आरोपी ने चेक दिया, लेकिन 15 फरवरी 2023 को अपर्याप्त धनराशि के कारण बाउंस हो गया। इसके बाद बैंक ने कानूनी नोटिस भी भेजा, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि बैंक ने जिस शाखा प्रबंधक के माध्यम से शिकायत दायर की, उसकी विधिक प्राधिकृति (ऑथोरिटी) को रिकॉर्ड पर साबित नहीं किया गया। यह एक महत्वपूर्ण कानूनी कमी मानी गई।
संवाद