कोर्ट से भूमि प्रभावितों को मुआवजे की राशि जारी करने के आदेश
नाहन (सिरमौर)। अपर जिला एवं सत्र न्यायालय ने भूमि अधिग्रहण मामले में प्रभावितों को मुआवजे की राशि जारी करने के आदेश दिए हैं। अदालत ने संदर्भ याचिका में जमा करीब 1,00,20,535 की मुआवजा राशि को लाभार्थियों को जारी करने की अनुमति दे दी है। अदालत में यह मामला हरनाम सिंह सहित अन्य बनाम हिमाचल प्रदेश सरकार और अन्य के रूप में प्रस्तुत हुआ। दलील दी गई कि वर्ष 2019 की संदर्भ याचिका में पारित अवार्ड के तहत मुआवजे की राशि अदालत में जमा है, लेकिन अब तक वितरित नहीं की गई है। साथ ही बताया गया कि उक्त अवार्ड के खिलाफ कोई अपील भी दायर नहीं की गई है। याचिकाकर्ताओं ने यह भी सहमति जताई कि एफडीआर के समय से पहले भुनाने पर ब्याज में होने वाले नुकसान के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे। सभी पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने आवेदन को स्वीकार करते हुए मुआवजे की राशि को लाभार्थियों के खातों में बैंक ट्रांसफर के माध्यम से जारी करने के आदेश दिए। संवाद