गवाहों को दोबारा बुलाने की अर्जी खारिज
नाहन। जिला अदालत में राज्य बनाम हरदीप मामले में आरोपी की उस अर्जी को खारिज कर दिया, जिसमें दो प्रमुख गवाहों को दोबारा बुलाकर जिरह करने की मांग की गई थी। आवेदन में कहा गया था कि गवाह कांता नागपाल और पंछो बाई से कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जिरह नहीं हो पाई। ऐसे में न्यायहित में दोनों गवाहों को दोबारा बुलाया जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। राज्य पक्ष ने इस मांग का विरोध करते हुए कहा कि दोनों गवाहों से पहले ही विस्तार से जिरह हो चुकी है और आरोपी को पर्याप्त मौके दिए गए थे। साथ ही यह भी तर्क दिया गया कि इतनी देरी से अर्जी देना केवल मुकदमे को लंबा खींचने की कोशिश है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने साफ कहा कि यह अर्जी केवल मामले की कमियों को भरने का प्रयास है। इसे कानून अनुमति नहीं देता।
संवाद