ददाहू (सिरमौर)। एतिहासिक रेणुकाजी झील में नौकाओं के संचालन का ठेका स्थगित हो गया है। वीरवार को किसी भी ठेकेदार ने टेंडर प्रक्रिया में भाग नहीं लिया। रेणुका विकास बोर्ड के सदस्य सचिव और एसडीएम नाहन की अध्यक्षता में 25 मार्च को नाहन में नौकाओं के संचालन की खुली बोली रखी गई थी। लेकिन वीरवार देर शाम तक किसी भी ठेकेदार ने बोली प्रक्रिया में भाग नहीं लिया। बताया जा रहा है कि बोर्ड की ओर से निर्धारित की गई 25 लाख रुपये की सरकारी बोली के चलते किसी भी ठेकेदार ने टेंडर नहीं भरा। जबकि बीते वर्ष यह ठेका 24.02 लाख रुपये के करीब था। इस वर्ष बोर्ड ने 25 लाख रुपये की सरकारी बोली निर्धारित करके ठेकेदार बोली देने नहीं पहुंचे। बोली को आगामी आदेशों तक स्थगित करना पडा। पहली अप्रैल से नौकाओं के संचालन का फैसला शुक्रवार को लिया जाएगा। उधर, एसडीएम नाहन रजनेश शर्मा ने बताया कि 25 मार्च को निर्धारित खुली बोली के दौरान किसी भी ठेकेदार ने भाग नहीं लिया। इस कारण बोली को फिलहाल स्थगित कर दिया है। पहली अप्रैल से रेणुका झील मे नौकायन संचालन को लेकर शीघ्र ही फैसला लिया जाएगा।