कन्योण घाट-सैर रेशला-रेन पिरगड़ी सड़क जल्द हो बहाल
नाहन में डीसी सिरमौर से मिला ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन। जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले धारटीधार इलाके के कन्योण घाट-सैर-रेशला-रेन पिरगड़ी सड़क की बहाली को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को नाहन में उपायुक्त सिरमौर से मिला।
इस मौके पर ग्रामीण रामकिशन, वेद प्रकाश, धनीराम, रामचरण, रामगोपाल, सोमप्रकाश, सुरेंद्र और कृष्ण चंद आदि ने बताया कि 19 किलोमीटर लंबी ये सड़क बारिश के चलते पिछले दो महीने से बंद है। जगह-जगह भारी भूस्खलन होने से लोगों को यातायात सुविधा नहीं मिल पा रही है।
लोक निर्माण विभाग के तहत आने वाली इस सड़क से हजारों की आबादी प्रभावित हो रही है। किसान अपनी नकदी फसलों को बाजार तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। ऐसे में उनकी आर्थिकी को भी नुकसान पहुंच रहा है।
इस बारे में अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है लेकिन सड़क बहाल नहीं की गई है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से इस सड़क को बहाल करने की मांग उठाई ताकि लोगों की परेशानी कम हो सके।