रूण नदी पर अंधेरी में बने पुल का उद्घाटन करते विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल।
- फोटो : NAHAN
कालाअंब (सिरमौर)। नाहन निर्वाचन क्षेत्र की पालियों-अंधेरी सड़क के रूण खड्ड पर चार करोड़ से निर्मित पुल का बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने लोकार्पण किया। पुल के बनने से इस क्षेत्र की पांच पंचायतों बर्मा पापड़ी, कौलांवालाभूड़, त्रिलोकपुर, कालाअंब और पालियों के लोगों को वर्षभर आवागमन की सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों की यह वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। बरसात के मौसम में रूण खड्ड में बाढ़ आने से लोगों को आने-जाने के लिए मुश्किल होती थी। पुल का निर्माण विधायक प्राथमिकता के तहत किया गया है, जिसके लिए नाबार्ड से चार करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी। पुल का निर्माण कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि नाहन निर्वाचन की विभिन्न खड्डों पर 13 पुलों को निर्माण का लक्ष्य रखा गया था, जिनमें से अधिकांश पुलों को जनता को समर्पित कर दिए गए हैं और कुछ पुलों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि साढ़े सात करोड़ की लागत से मझाड़ा पुल का निर्माण प्रगति पर है। इसका अक्तूबर में लोकार्पण करने का लक्ष्य रखा गया है। मार्कंडेय नदी पर साढ़े 9 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले देवनी-सलानी पुल का निर्माण कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन पुलों के कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि रूण खड्ड पर तीन डैम लगाने के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत डीपीआर तैयार कर केंद्र को भेजी गई है और स्वीकृति मिलने पर इसका निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, जिला परिषद सदस्य मनीष चौहान, पंचायत प्रधान शकुंतला देवी के अलावा अधीक्षण अभियंता महेश सिंघल, अधिशासी अभियंता अनिल शर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत राकेश कपूर सहित एसडीओ डीएस राणा आदि उपस्थित रहे।