पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा कालाअंब एनएच-07 पर क्यारदा के समीप सड़क हादसा हुआ। एक बाइक जोर से ट्रैक्टर में पीछे लगी थ्रेसिंग मशीन से जा टकराई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक चालक को 108 एंबुलेंस के माध्यम से पांवटा अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायल ने दम तोड़ दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद माजरा थाना पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
माजरा पुलिस ने शिल्ला निवासी अनुज चौहान पुत्र राजेंद्र सिंह के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। युवक ने बताया कि होटल होलीडे रिजोर्ट क्यारदा में कार्यरत है। शनिवार देर रात को वह होटल के मुख्य प्रवेश द्वार के पास खड़ा था। इस बीच पांवटा की तरफ जा रहा एक बाइक सवार एक ट्रैक्टर के पीछे लगी थ्रेसिंग मशीन से जा टकराया। जिसके बाद टक्कर बाइक चालक एनएच सड़क पर जा गिरा।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल दीपक (25) पुत्र शरदा राम निवासी क्यारदा को तुरंत 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि ट्रैक्टर चालक काफी देर तक मौके पर रुका। फिर उसके बाद कहीं चला गया। इसकी सूचना माजका थाना पुलिस जांच टीम को भी दे दी गई। पुलिस थाना माजरा प्रभारी गुरमेल सिंह ने पुष्टि की है। शिकायत दर्ज करने पर माजरा थाना टीम इस मामले की जांच में जुट गई है।