नाहन। चिट्टा बरामदगी के मामले में गिरफ्तार आरोपी वीरेंद्र कालरा निवासी पंचकूला हरियाणा को विशेष अदालत से सशर्त जमानत मिल गई है। यह मामला 5 अक्तूबर 2026 का है। डिटेक्शन सेल की टीम ने गश्त के दौरान चबांहा में तहसील ददाहू निवासी रोहित परमार और निकुंज कुमार उर्फ भानु के कब्जे से करीब 19.44 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की थी। जांच से पता चला कि रोहित परमार ने यह नशीला पदार्थ चंडीगढ़ में वीरेंद्र कालरा (आवेदक) से खरीदा था और आवेदक ने इसे मनीमाजरा में किसी अज्ञात व्यक्ति से हासिल किया था। इसी आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। बचाव पक्ष ने दलील दी कि आवेदक झूठे मामले में गिरफ्तार किया गया है। उक्त अपराध करने में उसकी कोई भूमिका नहीं है। विशेष न्यायाधीश ने सुनवाई के बाद आरोपी को एक लाख रुपये के निजी मुचलके और एक जमानतदार पर जमानत देने का आदेश दिया। साथ ही निर्देश दिए कि वह जांच में सहयोग करेगा और गवाहों को प्रभावित नहीं करेगा। संवाद