कन्या स्कूल पांवटा साहिब विद्यालय में स्वच्छता पखवाड़े के तहत प्रतियोगिताओं का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पीएमश्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता पखवाड़े के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राओं ने जागरुकता रैली निकाली। विभिन्न सदनों की छात्राओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया और विद्यालय का सौंदर्यीकरण किया। रैली को स्कूल की कार्यवाहक प्रधानाचार्य हेमा सैनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का नेतृत्व स्कूली की अध्यापिकाओं रचना गुलरिया, कांता शर्मा, रमेश भारद्वाज और शांति वर्मा ने किया। रैली विद्यालय से शुरू होकर पांवटा साहिब मुख्य बाजार तक निकाली गई। रैली में जनसाधारण को नारों के माध्यम से स्वच्छता के बारे में जागरूक किया गया। रैली के बाद छात्राओं को स्वच्छता पखवाड़े का महत्व व सप्ताह भर होने वाले कार्यक्रमों से अवगत करवाया गया। इस अवसर पर पीएमश्री स्कूल प्रभारी ज्योति रावत, एनएसएस प्रभारी रमेश भारद्वाज, प्रतिभा पांडे, शारीरिक शिक्षिका रीता चौधरी आदि उपस्थित रहे।