ददाहू (सिरमौर)। थाना क्षेत्र रेणुकाजी के अंतर्गत खदाल के समीप गश्त के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक कार से 6.95 ग्राम चिट्टा बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कार नाहन की तरफ से ददाहू की ओर आ रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत खदाल मंदिर से आगे नाहन-रेणुका जी सड़क पर नाकाबंदी की। कार को जांच के लिए रोका गया। पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम रोहित परमार निवासी ददाहू और साथ बैठे युवक ने बलिंद्र सिंह निवासी कंगटा फैलग बताया। कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड में सिगरेट के पैकेट में 6.95 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि रेणुका पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी जांच की जा रही है।