शिलाई (सिरमौर)। भारत की जनवादी नौजवान सभा ने हरियाणा में इंद्री-यमुनानगर मार्ग पर हादसे का शिकार होने वाले शिलाई के तीनों मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। जनवादी नौजवान सभा के पूर्व अध्यक्ष विनोद वीरसांटा, तहसील कमेटी सचिव लाल सिंह, अरुण, पवन, बलदेव, गोविंद, अतर सिंह, श्याम सिंह व वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 28 अक्तूबर को हादसा हुआ था। तीनों युवक गाड़ी में पंक्चर लगा रहे थे तभी तेज रफ्तार ट्राले ने उन्हें रौंद दिया। कई घटों बाद पुलिस ने केवल कागजी औपचारिकताएं पूरी की। हरियाणा प्रशासन की तरफ से कोई फौरी राहत तक जारी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान प्रदेश में हिमाचल के किसानों की कोई कदर नहीं है। जनवादी नौजवान सभा ने कार्रवाई न होने पर प्रदेश स्तरीय आंदोलन की भी ज्ञापन में बात कही है। उधर, एसडीएम हर्ष अमरिंदर नेगी ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।