शिलाई (सिरमौर)। उपमंडल शिलाई की ग्राम पंचायत बालीकोटी के गांव मोहराड़ में शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मोहराड गांव के तीन लोग घायल हो गए। इनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायलों को पांवटा अस्पताल से उपचार के लिए पांवटा अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर खराड़ी में 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी में सवार तीनों लोग नौसिखिया थे। मोहराड़ निवासी मनोज नेगी (19), अजय सिंह (29), कुंदन सिंह (45) गांव से घूमने शिलाई की तरफ गाड़ी में आ रहे थे। तीखे मोड़ पर गाड़ी पहुंचते ही गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने गंभीर रूप से तीनों घायलों को निजी गाड़ी के माध्यम से शिलाई अस्पताल पहुंचाया। शिलाई से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब रेफर कर दिया। जहां पर मनोज नेगी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दो व्यक्तियों को मेडिकल कॉलेज नाहन और पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया है। सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के डा. पीयूष तिवारी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले मनोज की मौत हो चुकी थी। जबकि अन्य घायलों में अजय नेगी को चंडीगढ़ और कुंदन नेगी को नाहन रेफर किया गया है। दोनों की हालात नाजुक बनी हुई है। शिलाई थाना प्रभारी मस्तराम ने बताया कि पुलिस मे मामला दर्ज कर लिया है।