मतदान के लिए जागरूक करेगी एबीवीपी
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर में एबीवीपी कार्यकर्ता युवाओं को मतदान के लिए जागरूक करेंगे। इसके लिए एबीवीपी युवा मतदाता जागरण अभियान चला रही है। एक से 17 मई तक चलने वाले अभियान के तहत कार्यकर्ता रैली, नुक्कड़ सभाओं और अन्य माध्यमों से युवाओं को अपना कीमती वोट देने के लिए प्रेरित करेंगे। नाहन में आयोजित पत्रकारवार्ता में पीजी कॉलेज नाहन की एबीवीपी इकाई के कैंपस अध्यक्ष अंकित शर्मा और प्रेस सचिव अंशुल शर्मा ने बताया कि नए मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए प्रदेशभर में कार्यकर्ता अभियान चलाएंगे। जिला सिरमौर के सभी हिस्सों में कार्यकर्ता युवाओं को जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को किसी के बहकावे में आकर मतदान नहीं करना चाहिए। बल्कि, सभी स्वतंत्र तरीके से मतदान करें। इस दौरान युवाओं को पर्चे, पोस्टर और स्टीकर्स वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वोट का लक्ष्य आतंकवाद, नक्सलवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार पर चोट करना होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि सभी राष्ट्रहित को ध्यान में रखकर वोट
दें। इस अवसर पर मनीषा शर्मा, पूजा शर्मा, विशाल भारद्वाज, अंकित, शीतल, मुकुल, करण और शुभम उपस्थित रहे।