ददाहू (सिरमौर)। गर्मी की दस्तक के साथ ही आईपीएच विभाग ने ददाहू क्षेत्र में पीने के पानी की राशनिंग करने का फैसला लिया है। शनिवार शाम से ददाहू क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अब दो की बजाए एक समय ही पानी की आपूर्ति की जाएगी। इसको लेकर सुबह 6 से 11 बजे व शाम को तीन से पांच बजे तक अलग-अलग स्थानों पर एक-एक घंटे के लिए पानी दिया जाएगा। विभागीय समयसारिणी के अनुसार सुबह 6 से 7 बजे तक शिवमंदिर, बस स्टैंड, स्कूल, रेस्ट हाउस, किसान भवन, टेलीफोन एक्सचेंज व साथ लगते इलाकों में स्टोर टैंक नंबर एक से पांच के अंतर्गत पानी दिया जाएगा। जबकि पुलिस थाना क्षेत्र में सुबह 8 से 9 बजे तक, तहसील कॉलोनी में 10 से 11 बजे तक पानी की आपूर्ति की जाएगी। ददाहू अस्पताल क्षेत्र में सुबह 7 से 8 बजे तक, साथ लगते इलाकों में सुबह 8 से 9 बजे तक पानी की आपूर्ति की जाएगी। जबकि ददाहू के अपर बाजार सहित वार्ड नंबर 4 व 5 में दोपहर 3 से 4 बजे तक पानी मुहैया करवाया जाएगा। यह समयसारिणी गर्मियों के मौसम को ध्यान में रखकर जारी की गई है। इस दौरान किसी भी उपभोक्ता को पानी का दुरुपयोग करते पाया गया तो कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के काट दिया जाएगा। कनिष्ठ अभियंता रोशन लाल शर्मा ने बताया कि पानी की राशनिंग का फैसला जलस्त्रोतों में पानी की मात्रा कम होने व स्टोर टैंकों के समय पर न भरने के कारण लिया गया है। ददाहू क्षेत्र की जनता को समयसारिणी के अनुसार पानी दिया जाएगा।