रेणुका मंडल में रोपे जाएंगे तीस हजार पौधे
ददाहू (सिरमौर)। वन महोत्सव कार्यक्रम के तहत रेणुका मंडल की पचास हेक्टेयर वन भूमि में तीस हजार पौधे लगाए जाएंगे। वन मंडल की तीन रेंजों में 9 से 11 जुलाई तक कार्यक्रम को चलाया जाएगा। इसमें पौधरोपण के लिए 14 नए स्थानों का चयन किया गया है। वन विभाग ने इसकी तैयारी पूर्ण कर ली है। रेणुका वन मंडल की शिलाई, नौहरा और कफोटा रेंज में कचनार, आंवला, खैर, बहेड़ा, देवदार, नाया और बयूहल आदि में करीब दस प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। विभाग की नर्सरी में ही इन पौधों को तैयार किया गया है। पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान कॉलेज और स्कूलों के बच्चों के साथ-साथ महिला मंडल, नवयुवक मंडल, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उधर, डीएफओ रेणुका सुशील राणा ने बताया कि वन मंडल की तीन रेंजों में वन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यहां चौदह नए स्थानों का चयन किया गया है। इन स्थानों पर विभिन्न प्रजातियों के तीस हजार पौधे लगाए जाएंगे। क्षेत्र से जुड़े सामाजिक संगठनों का भी इसमें सहयोग लिया जाएगा।