अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भय और पारदर्शी निर्वाचन करवाने के लिए सभी अधिकारी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समयबद्धता के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करें। नाहन में बैठक की अध्यक्षता करते हुए शिमला लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के व्यय पर्यवेक्षक एनके बंसल ने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेषकर वाहनों की तलाशी के दौरान अधिकारी शालीनता और सभ्यता के साथ पेश आएं। महिलाओं से सम्मानपूर्वक व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि किसी भी वाहन की चेकिंग अथवा अन्य तलाशी का कार्य मजिस्ट्रेट की देखरेख में करने की अतिरिक्त इसकी वीडियोग्राफी भी की जाए। व्यय पर्यवेक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे भारत निर्वाचन आयोग की चुनाव निर्देशिका का अध्ययन अवश्य करें और निर्वाचन के दौरान प्रत्याशियों के व्यय संबंधी मामलों को बेहतरीन ढंग से निपटाएं। एनके बंसल ने कहा कि प्रत्याशियों की चुनावी रैली की पूर्ण वीडियोग्राफी की जाए और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप रैली के व्यय की रिपोर्ट तैयार की जाए। जिले के साथ लगती विभिन्न राज्यों की सीमाओं पर चौकसी रखी जाए। निर्वाचन अधिकारी अन्य राज्य से आने वाली शराब और नकदी पर भी कड़ी नजर रखें। उन्होंने कहा कि वाहन अथवा किसी घर में नकदी पकड़े जाने की स्थिति में आयकर विभाग को अनिवार्य रूप से सूचित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिमला लोकसभा क्षेत्र से संबंधित कोई भी शिकायत और जानकारी उनके मोबाइल नंबर 89886-84561 अथवा ई-मेल से दी जा सकती है। उन्होंने आयकर, आबकारी, कराधान और पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप कार्य करें और जांच के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। इस मौके पर एडीसी आदित्य नेगी, एसपी अजय कृष्ण शर्मा, एसडीएम प्रदीप कुमार, तहसीलदार निर्वाचन हरबख्श सिंह, नायब तहसीलदार वीके शर्मा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।