राजगढ़ में 28 को होंगे क्रिकेट के ट्रायल
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ में खुलने वाली एचपीसीए की क्रिकेट अकादमी के लिए 28 अप्रैल को गुरुकुल स्कूल में ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। अकादमी कोच दीपक ठाकुर ने बताया कि एचपीसीए के मुख्य कोच विक्रम राठौर ने अभी हाल ही में राजगढ़ के गुरुकुल स्कूल में अकादमी खोलने की स्वीकृति प्रदान की थी। 28 अप्रैल को प्रदेश उपाध्यक्ष अतर सिंह नेगी और जिला महासचिव राजेंद्र बब्बी की उपस्थिति में अकादमी में प्रशिक्षण के लिए ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अकादमी में सभी आयु वर्ग के लड़कों के साथ-साथ लड़कियों का भी चयन किया जाएगा। अकादमी में चयनित होने वालों को एक हजार पंजीकरण फीस के साथ आगामी तीन माह की 1200 रुपये फीस जमा करवानी होगी। उसके बाद एचपीसीए की ओर से हर माह की फीस 400 रुपये निर्धारित की गई है। लड़कियों और बीपीएल बच्चों को केवल पंजीकरण फीस ही जमा करवानी होगी, उनके लिए प्रशिक्षण निशुल्क होगा। चयनित बच्चों के खेलने के लिए किट की व्यवस्था भी एचपीसीए की ओर से की जाएगी।