चित्रकला में नीलम और गौरव अव्वल
राजगढ़ (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पबियाना में विश्व पृथ्वी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ईको क्लब प्रभारी प्रवीण शर्मा ने बताया कि विश्व पृथ्वी दिवस पर प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को पृथ्वी ग्रह की जानकारी दी गई। इसके बाद बच्चों ने रैली निकालकर गांव के लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, बिजली बचाने और प्लास्टिक का प्रयोग न करने के प्रति जागरूक किया। ईको क्लब की ओर से इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वरिष्ठ वर्ग में नीलम, वैभव और दिव्या जबकि कनिष्ठ वर्ग में गौरव, मुस्कान और स्नेहा ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।