अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। नाहन में चल रहे सिरमौर उत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या नवोदित कलाकारों के नाम रही। तीसरी सांस्कृतिक संध्या की अध्यक्षता स्टेपको के अध्यक्ष रजित सिंह कंवर ने की। इस मौके पर सेना और पुलिस से सेवानिवृत्त पांच-पांच अधिकारियों को मेडल पहना कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए जसमीत कौर साहनी ने लीची डांस पेश किया। रिद्धिमा ने पहाड़ो रा बसा हिमाचल.., गीत पेश कर खूब रंग जमाया। रविंद्र और मनीष ने शिव कैलासों के वासी.., भजन पेश किया। वरुण ने हरियाणी गीत सुनाया। ढोलक पर मितेन प्रकाश, पैड पर आकाश चुग, कीबोर्ड पर सौरभ, गिटार पर ऋतिक, ढोल पर जश्न ने उनका साथ दिया। इंदरप्रीत कौर साहनी ने पंजाबी गीत पर शानदार नृत्य पेश किया। अंजलि और नगमा ने नेपाली डांस से लोगों का दिल जीता। बुजुर्ग कलाकार असगर ने भी शानदार डांस पेश कर लोगों का खूब मनोरंजन किया। शिवांगी ने डांस और केतन बंडाल ने मिमिक्री और चुटकुलों से लोगों को खूब गुदगुदाया। वसीम खान ने अमरीश पुरी के फिल्मी डायलॉग बोलकर लोगों का दिल जीत लिया। अनवर ने गिटार की प्रस्तुति दी। जबकि, दुर्गाराम ने नृत्य पेश किया। राजेश थापा ने तू माने या न माने दिलदारा.., गीत पेश किया। इस अवसर पर बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें करीब दस प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में जीशान खान, रोहित वत्स, भूपिंद्र सिंह ने निर्णायक की भूमिका अदा की। दशमेश अखाड़ा के कलाकारों ने गतका पेश किया।