80 years man died in sirmaur dut to corona and eight new cases found positive
नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में कोरोना संक्रमण से 80 वर्षीय बुजुर्ग का निधन हो गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार तड़के मेडिकल कॉलेज नाहन में बुखार, खांसी और छाती में तकलीफ के चलते नाहन के साथ लगते क्षेत्र के 80 वर्षीय बुजुर्ग को उपचार के लिए लाया गया। इस दौरान रैपिड एंटीजन टेस्ट किट के तहत सैंपल लिया गया। इसमें बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं सुबह 9:10 बजे उक्त बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
गौरतलब है कि सिरमौर जिले में कोरोना से अब तक 224 लोगों की मौत हो चुकी है। बीते एक सप्ताह के भीतर तीन लोगों की मौत हुई है। मेडिकल कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. श्याम कौशिक ने बताया कि बुखार और छाती में तकलीफ की वजह से बुजुर्ग को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया था। इस दौरान उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार बुजुर्ग का अंतिम संस्कार किया गया।
---
जिले में कोरोना के आठ नए मामले
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में कोरोना संक्रमण के आठ नए मामले आए हैं। इसके अलावा 30 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। वर्तमान में जिले में 172 सक्रिय मामले हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को 67 सैंपलों की जांच की। इनमें से आठ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आरटीपीसीआर के अंतर्गत जांचे गए 43 सैंपलों में से पांच और रैपिड एंटीजन टेस्ट किट के तहत लिए गए 24 सैंपलों में से तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने मंगलवार को आठ नए मामले आने की पुष्टि की है।
---
1062 लोगों ने लगवाई बूस्टर डोज
नाहन (सिरमौर) जिले में मंगलवार को 1062 लोगों ने कोरोना से बचाव के लिए बूस्टर डोज लगवाई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 16 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए।
इनमें 1062लोगों को बूस्टर, 47 लोगों को दूसरी और 25 लोगों को कोविशील्ड की पहली डोज लगाई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने बताया कि जिले में अब तक 87,026 लोगों को बूस्टर डोज लगाई जा चुकी है।