जिले की सड़कों पर दौड़ सकेंगे मल्टी एक्सल वाहन
सड़कों की भार क्षमता परखने में जुटी लोनिवि की टीम
अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। जिले की सड़कें अब भारी से भारी वाहनों को सहन कर सकेंगी। सड़कों की गुणवत्ता बढ़ाने और भार क्षमता परखने के लिए इन दिनों ददाहू में आधुनिक मशीनों से सर्वे किया जा रहा है जिससे मल्टी एक्सल वाहनों को इन सड़कों से गुजारने से किसी प्रकार की कोई हानि न हो। एक्सल लोड सर्वे को लोनिवि के अधिकारी आधुनिक तरीके से डायनेमिक एक्सल लोड टेस्टिंग मशीन के जरिए कर रहे हैं, जिससे भविष्य में सड़कों की गुणवत्ता को बढ़ा कर उन्हें अधिक सहने योग्य बनाया जा सके। नाहन-ददाहू-हरिपुरधार (एमडीआर01) सड़क पर ददाहू में मंगलवार से यह सर्वे शुरू हुआ। अभी तक इन सड़कों पर दो या तीन एक्सल के वाहन ही गुजर सकते हैं लेकिन, अधिक भारी वाहनों के लिए जिले की सड़कें अभी पर्याप्त नहीं है। इसके चलते आधुनिक सर्वे की प्रक्रिया को निभाया जा रहा है। सर्वे के दौरान सड़कों पर भारी वाहनों के प्रभाव की विस्तृत जानकारी हासिल करके एक खाका तैयार किया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। लोनिवि के सहायक अभियंता नितिश शर्मा ने बताया कि भविष्य में सड़क निर्माण की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए इस तरह का यह आधुनिक सर्वे लोनिवि पहली बार कर रहा है। सिरमौर जिले की सभी सड़कों में इस सर्वे को किया जाएगा, जिसकी शुरुआत ददाहू से की गई है। सर्वे के माध्यम से सड़कों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनकी भार क्षमता को भी बढ़ाया जा सकेगा। अधिकारियों की इस टीम में सहायक अभियंता नितिश शर्मा के अतिरिक्त कनिष्ठ अभियंता अनिल पालसरा सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं।