राजपुर (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र के सिंघपुरा क्षेत्र में आयोजित दंगल में हरियाणा के करनाल के मोनू पहलवान ने माली जीती। उन्होंने फाइनल मुकाबले में कुरुक्षेत्र के अशोक पहलवान को पटकनी दी। समापन समारोह में पांवटा के पूर्व विधायक किरनेश जंग ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यातिथि ने विजेता को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने दंगल कमेटी को 11 हजार रुपये भी दिए। उपविजेता पहलवान अशोक को ट्रॉफी प्रदान की। दंगल कमेटी की ओर से आयोजित इस दंगल स्पर्धा में दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल के दर्जनों पहलवानों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल दिल्ली के प्रदीप और करनाल के मोनू के बीच हुआ। जिसे मोनू ने जीता और फाइनल में प्रवेश पाया। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला कुरुक्षेत्र के अशोक और उमरी के पवन के बीच में हुआ। इस मुकाबले में अशोक ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। इस अवसर पर दंगल कमेटी के प्रधान दर्शन सिंह, उपप्रधान रंगीलाल, पंचायत उपप्रधान पृथ्वी चंद, राजीव कोहली, जवाहर सिंह, कल्याण सिंह, जयपाल उपस्थित रहे।