सड़क हादसे में दो लोग घायल
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा-कालाअंब एनएच-7 पर सूरजपुर के समीप हुए सड़क हादसे में दो लोग घायल हो गए। अचानक बैल सड़क की तरफ दौड़ गए, जिससे बाइक सवार बैल को बचाते हुए स्किड होकर गिर गए। हादसे में दो बाइक सवार युवक घायल हो गए हैं। घायलों को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया। जानकारी के मुताबिक मिश्रवाला निवासी असलम (22) और रहमदीन (23) अपनी बाइक पर जा रहे थे। इस बीच अचानक एक बैल सड़क की तरफ भागने लगा, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में मिश्रवाला निवासी असलम के सिर, टांग और बाजू पर चोटें आई हैं। रहमदीन के भी बाजू और कंधे पर चोट लगी है। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचित किया। 108 एंबुलेंस ने मौके से दोनों घायलों को पांवटा सिविल अस्पताल पहुंचाया। उधर, सिविल अस्पताल पांवटा के डॉक्टर सुधी गुप्ता ने कहा कि दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया है।