नशे के खात्मे के लिए साथ दें लोग : डीएसपी
शिलाई (सिरमौर)। नशा निवारण समिति की बैठक स्थानीय विश्राम गृह में डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान की अध्यक्षता में हुई। डीएसपी अशोक चौहान ने नशा निवारण के बारे में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नशा मुक्त और स्वच्छ समाज के लिए प्रत्येक व्यक्ति निर्णायक भूमिका निभाकर पुलिस को सहयोग करें। अकेले सरकार और पुलिस के भरोसे इस महत्वपूर्ण कार्य को नहीं छोड़ना चाहिए। ड्रग और नशा माफिया चंद पैसों के लिए बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। युवा नशे की गर्त में डूब रहा है। सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाई गई इस मुहिम को कारगर साबित करने के लिए लोगों का साथ होना जरूरी है। शिलाई पुलिस थाना के प्रभारी अशोक नेगी ने बताया कि नशा निवारण समिति का व्हाट्सअप ग्रुप भी बनाया गया है। समिति सदस्य और आम जनता नशा संबंधित जानकारी इस ग्रुप में दें। जानकारी देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य प्रताप सिंह तोमर, पूर्व जिला परिषद सदस्य रणजीत नेगी, मोहिंद्र सिंह नेगी, बारूराम चौहान, सुनील ठाकुर, पंकज शर्मा, सूरत सिंह, देवेंद्र नेगी, दीपाराम, खजान सिंह, रमेश नेगी, बलदेव, आत्माराम, खजान सिंह कपिल सहित कई लोगों ने अपनी उपस्थिति दी।